होम

‘कल मिलते हैं, साथ चलते हैं’, 1 नवंबर के ‘दिल्ली चलो’ पदयात्रा के लिए राहुल गांधी का न्योता

Rajniti.co
Rajniti.co

दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने साफ कर दिया है कि कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक किसी भी प्रकार के ‘पैदल मार्च’ या जुलूस निकालने की कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई है।

1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की विशाल महारैली से ठीक एक दिन पहले राजधानी में सियासी और प्रशासनिक घमासान चरम पर पहुंच गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर रूट प्लान साझा करते हुए देशवासियों और कार्यकर्ताओं को रविवार (1 नवंबर) की दोपहर कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक पैदल मार्चनिकालने का न्योता दिया है। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस के उच्च पदस्थ सूत्रों ने साफ कर दिया है कि कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक किसी भी प्रकार के ‘पैदल मार्च’ या जुलूस निकालने की कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई है।

मिंटो रोड से अजमेरी गेट: राहुल गांधी का घोषित रूट प्लान

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “कल मिलते हैं, साथ चलते हैं! पोस्ट के अनुसार, यह पैदल मार्च रविवार दोपहर 12:00 बजे कनॉट प्लेस के पास मिंटो रोड जंक्शन से शुरू होगा। इसके बाद प्रदर्शनकारी अजमेरी गेट होते हुए दोपहर तक रामलीला मैदान पहुंचेंगे। रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने राजनीतिक दलों, गैर-राजनीतिक संगठनों, नागरिक समाज, पत्रकारों और आम नागरिकों को इस मार्च में शामिल होने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस ने क्या बताया ?

दिल्ली पुलिस का कहना है कि कनॉट प्लेस से पदयात्रा शुरू करने के लिए कांग्रेस या विपक्षी दलों की ओर से कोई आधिकारिक आवेदन नहीं मिला है। चुनाव आयोग मुख्यालय और नई दिल्ली इलाके के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (जो गैर-कानूनी जमावड़े पर रोक लगाती है) लागू है। जंतर-मंतर को भी पहले ही प्रदर्शन स्थल के रूप में डी-नोटीफाई किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सांसद और राजनीतिक नेता अपने निजी वाहनों से संविधान क्लब, मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास या सीधे रामलीला मैदान जा सकते हैं, लेकिन सड़कों पर बिना अनुमति जुलूस निकालने की इजाजत नहीं होगी। हालांकि, रामलीला मैदान में होने वाली मुख्य रैली के लिए अनुमति दी जा चुकी है, जिसके लिए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की जा रही है।

आज खरगे के आवास पर ‘जन महाभियोग’

इससे पहले, शुक्रवार को राजधानी में हुई अचानक तेज बारिश के कारण विपक्षी दलों का मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित ‘पब्लिक इमपीचमेंट’ कार्यक्रम टालना पड़ा था।यह कार्यक्रम अब शनिवार (31 अक्टूबर) दोपहर 3:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित किया जाएगा। राहुल गांधी ने बताया कि बारिश में वरिष्ठ नेताओं और बुजुर्गों की असुविधा को देखते हुए सर्वसम्मति से इसे शनिवार के लिए री-शेड्यूल किया गया था।

लोगों को दिल्ली आने से रोक रहे हैं अमित शाह: राहुल का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने सीधे गृह मंत्री अमित शाह पर विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया, “गृह मंत्री अमित शाह पूरी ताकत लगा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से हमारे कार्यकर्ता और आम जनता दिल्ली न पहुंच सकें। ट्रेनों और बसों को रोका जा रहा है, लेकिन लोग हर बाधा को तोड़कर संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।”

 

 

 

Share this Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *